घोरावल। नगर के गल्ला मंडी गेट पर शनिवार की भोर में पोल में अनियंत्रित पिकअप ने टक्कर मार दिया। जिससे खंभा तीन टुकड़ों में बंट गया। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय विद्युत आपूर्ति ठप थी। बाहर कोई सोया हुआ नहीं था। इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार की भोर में चार बजे पिकअप ने मंडी गेट तिराहे पर बिजली के पोल में टक्कर मार दी। पोल टूट गया। खंभा में टकराने से पहले खंभे के पास नगर पंचायत से राहगीरों को पीने के लिए पानी की नल टोटी सीमेंटेड वाली स्थापित कराई गई थी, सब टूट कर बिखर गया। हादसे में पिकअप के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार टक्कर की आवाज से स्थानीय रहवासियों की नींद खुली। बड़ी अनहोनी की आशंका में लोग दौड़कर घरों से बाहर निकले। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पहले से खराब चल रही थी। उस पर से और काम बढ़ गया। बता दें कि इससे पहले बृहस्पतिवार से ही नगर के गल्ला मंडी में लगे ट्रांसफॉर्मर से होने वाली आपूर्ति खराब हालत में चल रही थी, इसके कारण कई घंटों तक कटौती रही। सभी के घर में लगे इंवर्टर डिस्चार्ज हो गए। भारी गर्मी से लोग बेहाल रहे। वहीं पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। मूलभूत समस्याओं बिजली पानी जैसी चीजों से लोग लगातार तीन दिनों से वंचित हैं। सूचना पर बिजली निगम की टीम ने टूटे हुए खंभे की जगह नया खंभा लगाया। इस दौरान करीब सात घंटे तक पूरे घोरावल नगर और आस-पास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही।