करमा। करमा थानाक्षेत्र के रमपथरा गांव में शनिवार देर शाम सड़क पार कर रहे 13 वर्षीय किशोर की पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पिकअप को रोककर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। रमपथरा गांव निवासी ओमप्रकाश का बेटा प्रियांशु (13) शनिवार शाम सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने पिकअप को रोककर चालक को पकड़ लिया और घटना की सूचना करमा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप को भी कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। करमा थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है।