सोनभद्र। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से नगर निकाय चुनाव में मतदान के दिन ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों के मतदान के लिए डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा प्रदान की गई है। जिले में यदि ऐसे कार्मिक जिनकी ड्यूटी मतदान कार्य में लगी हो और वे जनपद के किसी न किसी निकाय के मतदाता हैं वे सभी दो मई और तीन मई को प्रशिक्षणस्थल राजकीय पालीटेक्निक, लोढ़ी में स्थापित फेसिटिलेशन सेन्टर पर मतदान कर सकते है। इसकी जानकारी प्रभारी पोस्टल बैलेट नगर निकाय/ उप कृषि निदेशक डीके गुप्ता ने दी।
उन्होंने बताया कि मतदान करने के लिए ड्यूटी में लगे कार्मिकों को मतदान डयूटी प्रमाण पत्र, प्रारूप (क) के (समस्त प्रविष्टियां अंकित करते हुए) अपने विभागाध्यक्ष से संस्तुति सहित अपने वोटर कार्ड के साथ उपस्थित होकर अपना मतदान कर सकते है। इसके अतिरिक्त पुलिस एवं सुरक्षा बल के कार्मिक एवं पर्यवेक्षीय कार्य में लगे हुए अधिकारी के वाहन चालक के साथ-साथ निर्वाचन कार्य में लगे वाहन के चालक व हेल्पर/क्लीनर जो जिले के किसी न किसी निकाय में मतदाता हैं वे भी अपना मतदान उक्त तिथियों में उपरोक्त निर्धारित प्रक्रिया के अन्तर्गत कर सकते है। जिससे कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।