दुद्धी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बीडर में पिछले तीन दिनों के अंदर होमगार्ड सहित दो लोगों की मौत से ग्रामीण सहम गए हैं। अलग-अलग दिनों में खाना खाने के कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ी और फिर कुछ समय में ही उनकी मौत हो गई। गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद (57) कोतवाली दुद्धी में होमगार्ड थे। शनिवार की रात ड्यूटी से घर लौटकर आए और खाना खाकर सो गए। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ी। घबराहट बेचैनी होने पर परिजन सीएचसी ले आए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं मंगलवार की रात सुंदरपाल (48) भी खाना खाने के बाद सो रहे थे। अचानक उन्हें प्यास लगी तो पत्नी ने गर्म पानी दिया। पानी पीते ही बिस्तर पर गिरकर बेहोश हो गए। देर रात परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे तो चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। सुंदरपाल पेशे से ड्राइवर थे। ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र ने बताया कि गांव में किसी तरह की कोई संक्रामक बीमारी भी नहीं है। फिर भी लगातार दो मौत से गांव के डरे हुए हैं। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ मनोज एक्का ने बताया कि बिडर गांव की स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य टीम के जरिए जानकारी ली जा रही है।