सोनभद्र। दीपावली और छठ पूजा की छुट्टियां समाप्त होने के बाद दूसरे शहरों में नौकरी और व्यवसाय करने वाले लोग अपने कार्यस्थलों पर लौटने लगे हैं। इसका असर सड़क परिवहन पर साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को सुबह से शाम तक रोडवेज और निजी बसों में यात्रियों की भीड़ रही। दोपहर में अचानक भीड़ बढ़ने से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चलने वाली बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा, जबकि जगह नहीं मिलने के कारण कई यात्री बसों में चढ़ भी नहीं सके। जिले से वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज और शक्तिनगर जाने वाली बसों में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। रॉबर्ट्सगंज रोडवेज बस स्टेशन, नवीन मंडी स्थल और फ्लाईओवर के नीचे यात्रियों की भीड़ लगी रही। चोपन, रेणुकूट और अनपरा बस स्टैंड पर भी यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को आधे घंटे तक इंतजार के बाद भी बस नहीं मिल सकी। निजी बसों में भी काफी भीड़ रही। सीट नहीं मिलने पर यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। सोनभद्र डिपो में चार अनुबंधित बसों सहित कुल 80 बसें उपलब्ध हैं। इनमें 65 बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर विंध्यनगर, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, जीरो रोड, चारबाग और कैंट डिपो सहित दूसरे डिपो की 150 से अधिक बसें संचालित हो रही हैं। इन बसों से जिले के यात्रियों को वाराणसी और अन्य शहरों तक पहुंचने की सुविधा मिलती है। सोनभद्र डिपो के एआरएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि जरूरत के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है। सभी रूटों पर बसें भेजी जा रही हैं।