म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला ग्राम पंचायत में स्थित म्योरपुर रोड रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधा न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्री जान जोखिम में डालकर यात्रा करने के लिए मजबूर हैं।
म्योरपुर रोड पर नया रेलवे स्टेशन बनने के बाद यहां यात्री सुविधाओं को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। मात्र एक पैसेंजर ट्रेन का संचालन इस स्टेशन से किया जाता है।
चोपन से गोमो और गोमो से चोपन के लिए चलने वाली एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को ओवर ब्रिज न होने की वजह से महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को चार रेलवे ट्रैक पर से पैदल चलकर प्लेटफार्म दो पर पहुंचना पड़ता है।
ओवर ब्रिज बनाने के लिए प्लेटफार्म पर पिलर तो खड़े किए गए हैं लेकिन इसके बाद का निर्माण अधूरा है। यही नहीं रात में आने वाली पैसेंजर ट्रेन से उतरने के बाद लोगों को प्लेटफार्म पर अंधेरा होने के कारण भी परेशानी हो रही है।
प्लेटफार्म पर विद्युतीकरण न करने की वजह से लोग काफी निराश है। पैसेंजर ट्रेन के देर से आने के कारण रात के अंधेरे में यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है। ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल, देव कुमार, कमलेश कुमार यादव, आनंददेव, रामा यादव, विजय कुमार, ईश्वरी प्रसाद आदि ने यात्री सुविधाओं का विकास करने की मांग की है।