एनसीएल ककरी परियोजना आवासीय परिसर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी में बुधवार को वंदना सभा आयोजित कर शैक्षिक प्रदर्शनी के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम बीते 22 दिसंबर को श्रीनिवास रामानुजन जयंती के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव एवं शैक्षिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभावानों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यवसायी विष्णु शंकर दुबे रहे। व्यवस्था प्रमुख सत्येंद्र पांडेय ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि ने छात्रों को संस्कारवान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने आध्यात्मिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण भी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शैक्षिक प्रदर्शनी में बनाए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों की रचनात्मक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने निरंतर परिश्रम और अनुशासन को सफलता का मूल मंत्र बताया। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।