विकास भवन में बैठक करते सीडीओ सौरभ गंगवार।
- फोटो : SONBHADRA
स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों की स्मृति में बने शहीद उद्यान का कायाकल्प होगा। उद्यान में विद्युतीकरण, शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही पौधरोपण कराया जाएगा। तालाब को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाएगा। विद्यालयों के बच्चों को तालाब का भ्रमण कराकर स्वतंत्रता सेनानियों के गौरवपूर्ण इतिहास से परिचित कराने की तैयारी है।
मंगलवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में सीडीओ सौरभ गंगवार ने बैठक में संबंधित अफसरों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर साइन बोर्ड की पेंटिंग, सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य कराएं। बीएसए से कहा कि स्कूली बच्चों में देश प्रेम की भावना और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के लिए शहीद स्मारक स्थल का भ्रमण कराएं। डीडीओ को निर्देशित किया कि उन गांवों के तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाए जिस गांव में सेनानी का घर है या वहां कोई आजादी से जुड़ा स्मारक हो। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लाक में स्थापित प्रस्तर स्तंभ के पास साफ-सफाई और रंग-रोगन की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। आजादी के इस अमृत महोत्सव को पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए। जनपद के सभी लोग अपने घर पर इस आजादी अमृत महोत्सव पर 11 अगस्त से 17 अगस्त तक तिरंगा झंडा लगाकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में डीडीओ शेषनाथ चैहान, बीएसए हरिवंश कुमार, डीपीआरओ विशाल सिंह, एक्सईएन विद्युत सर्वेश सिंह, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।