सोनभद्र। स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने रविवार को सदर कोतवाली में तहरीर देकर उत्पीड़न का आरोप लगाया। विभाग के एक चीफ फार्मासिस्ट पर जातिसूचक शब्दों के साथ अपमानित करने की शिकायत की। उन्होंने इसका वीडियो भी सौंपा।
संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले सौंपे गए तहरीर में एमसीएच विंग में तैनात मंदीप कुमार ने कहा है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पुलिस को वीडियो दिखाते हुए कहा कि तीन अक्तूबर को जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी फार्मासिस्ट जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गर्मी निकलवा देने की धमकी देने लगा।
इसकी शिकायत सीएमएस से भी की गई लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर वह पुलिस के पास पहुंचा है। तहरीर में कई अन्य कर्मचारियों ने भी हस्ताक्षर किए हैं। इस बाबत सदर कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों के बीच का विवाद है। तहरीर मिली है। इसकी जांच कराते हुए कार्रवाई की जाएगी।