मारकुंडी में दुकान में घूसा अनियंत्रित ट्रेलर।संवाद
सलखन। चोपन थानाक्षेत्र के मारकुंडी स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। वाराणसी से चोपन की ओर जा रहा एक खाली ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों और मकान में जा घुसा। इस भीषण टक्कर में तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि घर में सो रहे पूर्व प्रधान के पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेकाबू ट्रेलर ने सबसे पहले सुनील मौर्य की टायर रिपेयरिंग की दुकान को अपनी चपेट में लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का वजूद ही खत्म हो गया और हवा भरने वाली टंकी सहित सारे उपकरण नष्ट हो गए। इसके बाद ट्रेलर फतेह मोहम्मद के होटल को तोड़ते हुए पास के एक मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त मकान के भीतर सो रहे पूर्व प्रधान स्वर्गीय रामदेव यादव के 45 वर्षीय पुत्र रामलखन यादव मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत कर मलबे को हटाया और रामलखन को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस हादसे में दुकानों, मकान और सामान को मिलाकर करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही चोपन थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
मारकुंडी में दुकान में घूसा अनियंत्रित ट्रेलर।संवाद