म्योरपुर। थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ स्थित मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। हादसे में दुकान और वहां खड़ी चार बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। संयोग रहा कि दुकान पर चाय-नाश्ता कर रहे लोग बाल-बाल बच गए। म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर वाराणसी से छत्तीसगढ़ जा रही कार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अनियंत्रित होकर अजय और जवाहिर की दुकान में घुस गई। कार ने दुकान को नुकसान पहुंचाते हुए बाहर खड़ी चार बाइकों को चपेट में लिया और एक खंभे से टकराकर रुक गई। दुकानदार जवाहिर और अजय ने बताया कि हादसे के समय खैराही के ग्राम प्रधान के पति सीताराम, किरवानी निवासी नजीब हुसैन, फेरी लगाने वाले सचिन और टीनू समेत अन्य लोग बाइक खड़ी कर दुकान पर चाय-नाश्ता कर रहे थे। अचानक तेज गति से आई कार को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी लोगों ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक सहित अन्य लोगों को थाने ले गई। थाना प्रभारी रविकांत मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी है। कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। चार बाइक क्षतिग्रस्त हुई हैं।