बिजली की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
बभनी। ब्लॉक के चैनपुर ग्राम पंचायत में विद्युतीकरण का कार्य अधूरा छोड़े जाने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने सोमवार को गांव में प्रदर्शन किया। यहां विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार विद्युतीकरण का कार्य आधा अधूूरा कराकर फरार हो गया। गांव के भोलेनाथ कनौजिया, दिनेश कुमार, रामकेवल, ओमप्रकाश, सुरेंद्र, गजानंद, सत्यनारायण, उदय सिंह, कांता प्रसाद, रघुबीर, बेसाहुलाल, प्रयागलाल, त्रिलोकी ने कहा कि जिले में अधिकारियों द्वारा विद्युतीकरण के कार्य की निगरानी नहीं की जा रही है। इसका नतीजा है कि ठेकेदार मनमानी कार्य करा रहे हैं। आधा अधूरा कार्य करके छोड़ दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चैनपुर के हरिजन बस्ती, ब्राह्मण बस्ती, अहिरानटोला, पतरा टोला, तिगड्डा टोला में अभी तक विद्युतीकरण नही किया गया। जहां काम हुआ भी है तो वह अधूरा है। पूरा विद्युतीकरण हुआ नही और संपूर्ण गांव को संतृप्त दिखा दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग नही चेता तो सब स्टेशन का घेराव किया जाएगा। चैनपुर के एएनएम सेंटर के आस पास धोबी बस्ती के लोगों के यहां भी विद्युतीकरण नही कराया गया। ग्रामीणों ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है।