सोनभद्र। जिले में निलंबित शिक्षकों की बहाली ऑनलाइन पोर्टल से करने की प्रक्रिया लागू हो गई है। पहली बार जिले के पांच शिक्षकों को ऑनलाइन बहाल किया गया है।
जिले में कुल 2061 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 4600 के करीब शिक्षक-शिक्षिकाओं की तैनाती है। ऐसे में हर साल बड़ी संख्या में शिक्षक अलग-अलग कारणों से निलंबित किए गए हैं। विभिन्न आरोपों में निलंबित होने वाले परिषदीय शिक्षकों की बहाली अब उनके मूल विद्यालय में आसानी या जुगाड़ से नहीं हो पाएगी। सिर्फ जांच में दोषमुक्त होने वाले शिक्षक ही मूल विद्यालय में तैनात होंगे।
बाकी दंड सहित बहाल होने वाले शिक्षकों को ऑनलाइन प्रक्रिया से विद्यालय आवंटित किया जाएगा। शासन से इसके दिशा निर्देश जारी होने के बाद अब निलंबन से बहाल होने वाले शिक्षकों की ऑनलाइन तैनाती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अपने यहां इस व्यवस्था को लागू करने वाले 29 जिलों की सूची में जनपद शामिल है। यहां करीब पांच शिक्षकों को निलंबन के बाद आनलाइन स्कूल आवंटित किए गए हैं, जबकि दस के करीब अन्य शिक्षकों को भी विद्यालय ऑनलाइन ही आवंटित होंगे।
करीब पांच से छह शिक्षकों को ऑनलाइन प्रक्रिया से विद्यालय आवंटित किया गया है। अन्य निलंबित शिक्षकों को भी बहाल होने पर इसी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। - नवीन कुमार पाठक, बीएसए।