चोपन थाना क्षेत्र के मालोघाट पर पलटी कोयला लदी अनियंत्रित ट्रक।संवाद
हाथीनाला। चोपन थानाक्षेत्र के मालोघाट टोल प्लाजा के पास शनिवार शाम को कोयला लदा ट्रेलर पलटने के बाद वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग का एक लेन करीब 17 घंटे तक बाधित रहा। सड़क पर कोयला बिखर जाने और ट्रेलर के बीच मार्ग में पलट जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। रविवार सुबह सड़क से कोयला हटाने और ट्रेलर को हटाए जाने के बाद यातायात पूरी तरह बहाल हो सका। शनिवार शाम करीब 3:45 बजे अनपरा से कोयला लादकर गुरमुरा की ओर जा रहा ट्रेलर मालोघाट टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले अचानक टायर फटने से अनियंत्रित हो गया। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर में लदा कोयला सड़क पर फैल गया, जिससे राजमार्ग का एक लेन पूरी तरह बाधित हो गया। दुर्घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को दूसरे लेन से नियंत्रित कराया। हादसे में ट्रेलर चालक चंदौली के चकरघट्टा निवासी जाफर खान सुरक्षित बच गया। रविवार सुबह करीब नौ बजे टोल प्रबंधन की जेसीबी से सड़क पर फैला कोयला हटाया गया। इसके बाद वाहन स्वामी की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाया गया। दुर्घटना के करीब 17 घंटे बाद बाधित लेन पर यातायात सामान्य हो सका। लंबे समय तक एक लेन बंद रहने से रातभर भारी वाहनों को धीमी गति से गुजरना पड़ा और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।