चोपन-सिन्दुरिया मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर में करीब 12 बजे एक-दूसरे से पास लेने के चक्कर में ट्रक और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। इस घटना में ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर पर ही सवार महिला को हल्की चोटें आई हैं। घायल महिला का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में चल रहा है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस का कहना है कि बालू लादने की लिए जा रहे ट्रक ट्रैक्टर से पास लेने लगा। उसी समय ट्रक की गति तेज होने की वजह से ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गया। इस घटना में ट्रैक्टर चला रहा चालक बाल-बाल बच गया। मगर ट्रैक्टर पर सवार लालजी अगरिया (50) निवासी महुली डेड़वा को गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर बैठी महिला को मामूली चोंटे आई हैं। घटना की जानकारी मृतक के घरवालों को पुलिस ने दे दी है।घटना के बाद पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गई। थाना प्रभारी लक्ष्मण पर्वत का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल करने के पश्चात कार्रवाई की जाएगी।