ओबरा डैम का खुला हुआ फाटक नंबर आठ। स्रोत जागरूक पाठक
ओबरा। पिपरी स्थित रिहंद डैम से ओबरा डैम में पानी की आवक लगातार बनी रहने के कारण डैम का एक फाटक रविवार को चौथे दिन भी खुला रहा। पिपरी जल विद्युत परियोजना की सभी इकाइयों से पूरी क्षमता से बिजली उत्पादन किया जा रहा है। इसके चलते डाउनस्ट्रीम में स्थित ओबरा डैम में 19 हजार क्यूसेक से अधिक पानी लगातार पहुंच रहा है। ओबरा जल विद्युत परियोजना की तीनों इकाइयों से बिजली उत्पादन के बावजूद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए गेट नंबर आठ को रविवार को भी तीन फीट खुला रखा गया। बुधवार रात ओबरा डैम का जलस्तर 193.25 मीटर पहुंचने पर गेट नंबर आठ को तीन फीट खोला गया था। ओबरा बांध प्रखंड के अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार खरे ने बताया कि वर्तमान में ओबरा जल विद्युत परियोजना से 16,024 और तीन फीट खुले गेट से करीब 3,600 क्यूसेक पानी रेणुका नदी में प्रवाहित किया जा रहा है। रविवार शाम पिपरी जल विद्युत परियोजना की सभी छह टरबाइन से 292 मेगावाट और ओबरा जल विद्युत परियोजना से 89 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था।