रामगढ़। मांची थाना क्षेत्र के नौडीहा मोड़ के पास शुक्रवार रात पुलिस ने एक बोलेरो से 190 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने बोलेरो को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार रात करीब आठ बजे मांची पुलिस ने नौडीहा मोड़ पर एक बोलेरो की जांच की। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें से 190 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने मौके से राकेश यादव नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, पूछताछ के दौरान राकेश यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ यह शराब सोनभद्र से बिहार ले जा रहा था। वहां वे शराब को दोगुने दाम पर बेचकर मुनाफा आपस में बांट लेते थे। आरोपी के अनुसार, शराब पहुंचाने के लिए उसे हर बार तीन हजार रुपये मिलते थे। मांची थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि एसआई गिरि की तहरीर पर आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी राकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।