सोनभद्र। दीपावली पर नशे का सामान खपाने के लिए सक्रिय तस्करों पर पुलिस ने बड़ी चोट की है। सदर कोतवाली पुलिस ने जहां डेढ़ क्विंटल गांजा के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को प्रेस वार्ता में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि त्योहारों और सीमावर्ती राज्यों में चुनाव के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार की रात एसओजी-सर्विलांस टीम व सदर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हिंदुआरी तिराहे के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध डीसीएम को रोका। तलाशी में अंदर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। एएसपी ने बताया कि डीसीएम में कुल 151 किलो 600 ग्राम गांजा आठ बोरियों में भरकर रखा था। बरामद गांजे की कीमत करीब 23 लाख रुपये है। दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान हरियाणा के करनाल जिले के थाना निगदू निवासी सुरेश कुमार और रणधीर के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा करनाल ले जा रहे थे। दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम
एसपी यशवीर सिंह ने गांजा की बड़ी खेप बरामद करने पर पुलिस टीम को 20 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। टीम में सदर कोतवाली प्रभारी लक्ष्मण पर्वत, एसओजी प्रभारी राजेश सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज रामसिंहासन शर्मा, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह, अमर सिंह, शशि प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।