रॉबर्ट्सगंज गौ आश्रय में गोपाष्टमी पर पशु पूजा करती नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद। संवाद
सोनभद्र। गोपाष्टमी के पर्व पर मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद की गौशाला में विधि-विधान से गोपूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद और अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने गौ माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गौवंशों को गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौवंशों के रख-रखाव, चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि गौवंशों को समय से पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बीमार और कमजोर गौवंशों के उपचार में लापरवाही न बरती जाए। साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित बनाए रखने पर जोर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि गौ माता की सेवा और संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। गोपाष्टमी का पर्व गौ सेवा और संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। नगर पालिका परिषद की ओर से गौशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और गौवंशों के स्वास्थ्य व रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान सभासद अनवर अली, अजीत सिंह, विमलेश कुमार, सुजीत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।