सोनभद्र। देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते असर को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। कोरोना से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन अनिवार्य कर दिया है। बाहर से आने वाले यात्रियों की निगरानी भी बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर उनकी जांच की जा रही है। विदेश से आने वालों का ब्योरा भी रखा जा रहा है। दिसंबर में अब तक 28 लोग विदेश से लौटे हैं। इसके पहले नवंबर में 41 यात्री आए थे। सभी को सात दिनों के लिए क्वारंटीन किया जा रहा है। राहत की बात है कि अभी तक किसी में भी कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है।पिछले दिनों कोरोना के दो नए केस आने के बाद से ही स्वास्थ्य महकमे की चुस्ती बढ़ गई है। दोनों मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। साथ ही उनके कांटेक्ट में आए अन्य लोगों की भी जांच जारी है। दूसरी ओर नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर भी महकमा काफी सतर्क है। जागरुकता कार्यक्रमों के साथ ही जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अलग से टीम लगाकर आने-जाने वालों की निगरानी कराई जा रही है। ऐसे यात्रियों पर विशेष निगरानी की जा रही है जो बड़े शहरों या विदेशों से आ रहे हैं। नवंबर माह में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से 41 यात्री पहुंचे थे। इसके साथ ही एक से 10 दिसंबर के बीच विभिन्न देशों से 28 यात्रियों के आने की पुष्टि हुई है। किसी भी यात्री में कोई लक्षण नहीं मिला है, फिर भी उन्हें सात दिनों तक क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई है। सात दिन पूरा होने के बाद उनका कोरोना जांच करा कर अतिरिक्त तीन दिन क्वारंटीन किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नेम सिंह ने बताया कि जिले में बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच कराई जा रही है। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंडों पर जांच के लिए टीम लगाई गई है। वहां यात्रियों का रैपिड टेस्ट कर आगे भेजा जा रहा है। सीएचसी व पीएचसी अस्पतालों में भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।