सोनभ्रद। नगवां ब्लाक के मकरीबारी वेरूई में डायरिया से पीड़ित एक वृद्धा की मौत हो गई। गांव में 25 से अधिक लोग डायरिया से प्रभावित बताए जा रहे हैं। उनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है।
मकरीबारी गांव निवासी पार्वती देवी (70) उनकी बहू व दो बच्चे 24 जुलाई को डायरिया से पीड़ित हो गए। उन्हें दस्त और उल्टी की शिकायत थी। समुचित उपचार न मिलने के कारण घर पर ही 26 जुलाई को उनकी मौत हो गई। मामला संज्ञान में आने पर स्थानीय लोगों की मदद से पार्वती की बहू आरजी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के दो अन्य बच्चों का घर पर ही उपचार किया गया। गांव निवासी राम निवास के परिवार के आठ लोग बीमार हो गए। गांव के ही महेंद्र के परिवार के भी तीन लोग बीमार हो गए। इसके साथ ही गांव के अलग-अलग घरों में 20 से अधिक लोग डायरिया से संक्रमित मिले। करीब एक सप्ताह के आकड़ों पर गौर करें तो गांव में 30 से अधिक लोग डायरिया से संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ब्लॉक से लेकर जिला स्तरीय टीम ने मौत के बाद से ही गांव में डेरा डाल दिया है।
मलेरिया भी पसार रहा पैर
मकरी बारी में एक ओर जहां डायरिया का कहर है तो दूसरी ओर गांव में मलेरिया और टाइफाइड का प्रकोप भी सामने आ रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों की ओर से लगाए गए कैंप में मलेरिया के दो मरीज, टायफाइड के चार और फाइलेरिया का एक मरीज मिला। गांव में करीब 40 लोगों को सर्दी-जुकाम की समस्या थी। उन्हें जांच के बाद दवा दी गई। ग्रामीणों के अनुसार गांव में मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव भी नहीं कराया जाता है। ऐसे में परेशानी बढ़ सकती है।