बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के घघरा गांव में मंगलवार को वृद्ध का शव दुकान के बाहर संदिग्ध हाल में पड़ा मिला। मृतक के पुत्र ने पिता की मोबाइल व दुकान में पैसा न होने पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घघरा गांव निवासी दसयी (68) की गांव में ही किराना की दुकान है। दुकान में ही वह सोमवार की रात सो रहे थे। पुत्र सत्तन सिंह के मुताबिक रात्रि करीब 10 बजे जब वह लघुशंका के लिए उठा तो दुकान का गेट बंद था। वहीं सुबह छह बजे नींद खुली तो दुकान का गेट खुला था। पिता का शव बाहर पड़ा था। दुकान से पैसा व मोबाइल फोन भी गायब था। आशंका है कि हत्या कर सामान उठा ले जाया गया है। मौके पर पहुंचे एसआई वीर बहादुर सिंह ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया कि रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।