दुद्धी। दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर महुली गांव के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सड़क पार करते समय वह बेकाबू कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
महुली गांव निवासी शशि कुमार (47) बुधवार की सुबह करीब नौ बजे गांव में ही सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से शशि कई फीट उछलते हुए कार की बोनट पर गिर गए। उन्हें गंभीर चोट आई। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक चालक कार समेत फरार हो गया। घायल शशि को परिजनों ने सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. मनोज एक्का ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर सिर में अधिक चोट से स्थिति गंभीर होने और मुंह से खून निकलते देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।