भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली की मांग के बीच शुक्रवार की दोपहर ओबरा बी तापीय परियोजना की 200 मेगावाट क्षमता की तेरहवीं इकाई से उत्पादन ठप हो गया। आईडी फैन में आई खराबी से इकाई को बंद करना पड़ा। परियोजनाकर्मी मरम्मत कार्य में जुट गए हैं। करीब 24 घंटे में इकाई के लाइट अप हाेने की संभावना है।
शुक्रवार की दोपहर करीब 12:22 बजे इकाई के आईडी फैन में तकनीकी खराबी आ गई।इसके बाद इकाई को बंद करना पड़ा। इससे परियोजना का बिजली उत्पादन लुढ़क गया। इकाई के बंद होते ही अभियंताओं ने आई खराबी को दूर कर इकाई को लाइटअप करने का प्रयास युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
संभावना जताई जा रही है कि अगले 24 घंटे के अंदर इकाई से बिजली उत्पादन शुरू कर लिया जाएगा। समाचार दिए जाने तक परियोजना की उत्पादनरत 200 मेगावाट क्षमता की 09 वीं इकाई से 125 मेगावाट, 10 वीं इकाई से 158 मेगावाट, 11 वीं इकाई से 120 मेगावाट और 12 वीं इकाई से 162 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा था। वहीं ओबरा सी की 660 मेगावाट क्षमता की पहली इकाई से 266 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा था।