सोनभद्र। रामनगर के अस्पताल से हत्यारोपी बंदी के फरार होने के मामले निलंबित चार सिपाहियों की जांच एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने ओबरा सीओ को सौंपी है। सीओ शंकर प्रसाद ने जांच शुरू करते हुए आरोपी सिपाहियों को बयान दर्ज करने के लिए तलब किया है। वर्ष 2020 से चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत नौटोलिया गांव निवासी लल्लू केवट अपने बेटे की हत्या के आरोप में जिला कारागार गुरमा में निरुद्ध है। वर्तमान में लल्लू टीबी से ग्रसित है। कुछ दिनों पूर्व जेल में उसकी तबीयत खराब हो गई। जेलकर्मी बंदी को उपचार के लिए जेल से जिला अस्पताल लोढ़ी ले गए। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने बंदी को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस हिरासत में रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में बंदी का उपचार चल रहा था। बंदी की सुरक्षा में चार सिपाही लगाए गए थे, इसके बावजूद बंदी फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बंदी को चोपन के करगरा मोड़ से धर दबोचा। एसपी ने सीओ सिटी राहुल पांडेय से से बंदी के भागने के मामले की जांच कराई। सीओ ने जांच की तो पता चला कि ड्यूटी के प्रति पुलिसकर्मी संजीदा नहीं थे। इसका फायदा उठाते हुए बंदी फरार हो गया। इस मामले में रामनगर थाने में फरार बंदी लल्लू केवट, ड्यूटी पर तैनात सिपाही राजेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, ओम प्रकाश यादव और विकास मिश्रा,के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी ने सीओ की रिपोर्ट पर लापरवाह चारों सिपाहियों को निलंबित करते हुए ओबरा सीओ को विभागीय जांच करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शंकर प्रसाद का कहना है कि बंदी के फरार होने के मामले में निलंबित चारों सिपाहियों की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।