जिले के नगर निकायों में निवास करने वालों की शिकायतों को अब नजरंदाज करना अधिकारियों के लिए आसान नहीं होगा। सरकार की तरफ से नगर पालिका, नगर पंचायतों में डेडिकेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का संचालन शुरू करने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। शासन ने नगर पालिका राबर्ट्र्सगंज के ईओ को नोडल बनाया है। अब कोई व्यक्ति घर बैठे कंट्रोल रूम में अपनी शिकायतें हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करा सकेगा। शिकायतों के निस्तारण की मॉनिटरिंग शासन स्तर से की जाएगी।
जनता की सेवा के लिए सरकार ने नगर पालिका, नगर पंचायतों में डेडिकेटेड कमांड कंट्रोल सेंटरों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। नगर पालिका राबर्ट्सगंज, नगर पंचायत चुर्क-गुरमा, घोरावल, ओबरा, चोपन, डाला, दु्द्धी, पिपरी, रेणुकूट और अनपरा क्षेत्र के रहवासी कंट्रोल रूम पर सभी शिकायतें 1533 हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करा सकेंगे। नगर पालिका में राबर्ट़्सगंज के ईओ विजय बहादुर यादव ने बताया कि शासन के निर्देश पर कमांड सेंटर शुरू किया जा रहा है। इसका हेल्पलाइन नंबर 1533 है, जिसमें साफ सफाई, पानी सप्लाई, बिजली व्यवस्था, कर एवं जन्म, मृत्यु विभाग की नगर पालिका से संबंधित सभी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। कंट्रोल रूम पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिकायतें दर्ज की जाएंगी। कहा कि अगर उनके क्षेत्र के रहवासी शिकायत किए होंगे तो वह संबंधित विभागों से संपर्क कर निस्तारण कराएंगे। नगर पंचायतों का मामला होगा तो वहां के ईओ को भेजकर समाधान कराया जाएगा। नगर पंचायतों के ईओ निस्तारण कराकर उन्हें रिपोर्ट देंगे तो वह शास को भेजेंगे। कहा कि जल्द ही नगरीय क्षेत्रों के लोग अपनी समस्याएं हेल्प नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। नगर पालिका में कंट्रोल रूम स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।