सोनभद्र। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख डॉ. उत्तीय भट्टाचार्य ने चुर्क स्थित सर्किट हाउस में डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) सेवा की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि ग्राहक अब मिश्रित सिलिंडर कांबिनेशन के साथ नए डबल सिलिंडर कनेक्शन का लाभ उठा सकते हैं। यानी मौजूदा 14.2 किलो सिंगल बॉटल ग्राहक के साथ अब अतिरिक्त सिलिंडर के रूप में पांच किलो सिलिंडर का लाभ उठा सकते हैं और अपने कनेक्शन को डबल बॉटल कनेक्शन बना सकते हैं। मौजूदा सिंगल बॉटल ग्राहक को डबल बॉटल कनेक्शन बनाने के लिए अतिरिक्त सिलिंडर के रूप में 14.2 किलो सिलिंडर डीबीसी का निर्धारित शुल्क 1450 है, जबकि पांच किलो सिलिंडर डीबीसी का शुल्क 800 रुपये होगा। पांच किलो सिलिंडर की रिफिल का मूल्य भी कम है। इसे सिर्फ 334.50 रुपये में रिफिल कराया जा सकेगा। यह सुविधा केवल आईओसी के ग्राहकों के पास उपलब्ध है। ग्राहक मोबाइल ऐप, वेबसाइट और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप के माध्यम से डीबीसी एप्लीकेशन आवेदन करके इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में पांच ग्राहकों को पांच किलो डीबीसी कनेक्शन दिया गया। इस दौरान इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक अरुण प्रसाद, मंडल एलपीजी-सेल्स प्रमुख अबिकार पाल, नोडल अधिकारी सौम्यदीप दत्ता, विनय अग्रवाल, आशुतोष शुक्ल, विनायक अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।