शक्तिनगर। पावर व कोल प्रोजेक्ट की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को पुलिस ने मुनादी कराई और चेतावनी जारी की। शुक्रवार को आंबेडकर नगर व भवानी नगर से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
पावर प्रोजेक्ट के क्षमता विस्तार व कोल परियोजना के सड़क चौड़ीकरण योजना के जद में आने वाले 166 अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया गया है। इसमें 156 निर्माण भवानी नगर व 10 निर्माण आंबेडकर नगर क्षेत्र के हैं। पावर व कोल प्रबंधन के आग्रह पर एसडीएम दुद्धी श्याम प्रताप सिंह ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए 30 जून की तारीख नियत की है। ध्वस्तीकरण के लिए दुद्धी तहसीलदार बीके सिंह को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में कार्रवाई से पूर्व बुधवार को शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय फोर्स के साथ भवानी नगर रहवासी क्षेत्र में पहुंचे और प्रशासन की रणनीति की जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि संबंधित लोग वैकल्पिक स्थान पर चले जाएं। भवानी नगर के प्रभावित परिवारों को अभिलेखों के आधार पर आर्थिक मदद के साथ बसने का विकल्प राजकिशन रहवासी क्षेत्र में दिया गया है। शुक्रवार को प्रस्तावित कार्रवाई को देखते हुए कई लोग अपना सामान समेटने व निर्माण गिराने में जुटे रहे।