सोनभद्र। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय का परीक्षा परिणाम अच्छा न होने पर 21 शिक्षकों को समाज कल्याण विभाग की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। विषयवार शिक्षकों की जबावदेही तय करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। बच्चों को पढ़ाने में रुचि न लेने वाले शिक्षकों की संविदा खत्म करने की चेतावनी दी है।जिले के दुद्धी, गुरमुरा (डाला) और घोरावल में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय (बालक) और उरमौरा में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय (बालिका) संचालित हो रहा है। सभी विद्यालय के छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव की तरफ से चारों विद्यालय के छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट तैयार की गई है। जिन विषयों में संबंधित विद्यालय के बच्चों को कम अंक मिले हैं, उन विषयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को चिह्नित करते हुए समाज कल्याण अधिकारी ने जवाब तलब किया है। ऐसे 21 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को नोटिस जारी किया गया है। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिक्षको की लापरवाही का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ा है। इसलिए इन्हें नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह के अंदर शिक्षकों ने उचित कारण नहीं बताया तो विभाग की तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाह शिक्षक-शिक्षिकाओं की संविदा खत्म की जा सकती है।