जिले में ब्लैक फिल्म और हूटर लगाकर घूमने वालों के खिलाफ मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। यातायात और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से स्वर्ण जयंती चौक पर वाहनों की चेकिंग की।
कार्रवाई के दौरान कई वाहन स्वामियों ने अपने प्रभाव की धौंस जमाने की कोशिश भी की। कोई खुद को पुलिसकर्मी का रिश्तेदार बताता रहा तो किसी ने राजनेता का करीबी होने का हवाला दिया, लेकिन पुलिस ने एक न सुनी।
अभियान के दौरान 10 वाहनों से हूटर निकलवाया गया। वहीं 15 चार पहिया वाहनों से ब्लैक फिल्म उतरवाई गई। करीब 25 वाहनों का ई-चालान किया गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि एसपी डाॅ. यशवीर सिंह के निर्देश के क्रम में अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार को 25 वाहनों का ई-चालान करते हुए ब्लैक फिल्म उतरवाए गए और संबंधित वाहनों के स्वामियों को हिदायत दी गई की आगे से ऐसी शिकायत मिली तो और कड़े चालान किए जाएंगे। इस मौके पर थाना प्रभारी सत्येंद्र राय, टीएसआई संजय सिंह, हेड कांस्टेबल चंद्रमा यादव, दिनेश यादव, मस्तान यादव आदि उपस्थित रहे। ओबरा, हाथीनाला सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने अभियान चलाया।