घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर जमीन सम्बंधित मामले को लेकर हुए विवाद व मारपीट में सोमवार को पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी का चालान कर दिया गया। रुदौली गांव में रविवार को हुई मारपीट के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक रुदौली निवासी नंदलाल उपाध्याय ने तहरीर देकर बताया है कि वह रविवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर पास के एक परिवार के लोगों ने गाली गलौज व लाठी डंडे से मारपीट किया, जिसमें नंदलाल उपाध्याय (54) उनकी पत्नी रीता देवी (50) और पुत्री अंजना (20) घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों का सीएचसी में मेडिकल जांच और उपचार कराया। नंदलाल की तहरीर पर रुदौली निवासी रामबली, रामप्रसाद, विकास, सुनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले में सोमवार को एक पक्ष से अजय व दूसरे पक्ष से रामबली को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। जमीन संबंधित विवाद में बिसरेखी निवासी राम आशीष को सोमवार पुलिस ने गिरफ्तार किया। उभ्भा चौकी क्षेत्र के ढोलो गांव में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में विवाद कर लिए। सूचना मिलते ही मौके पर सीओ राम आशीष यादव व घोरावल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस विवाद में एक पक्ष से बाबूलाल पटेल पुत्र दीपनारायण, रूद्रकुमार पटेल व सुरेश सिंह पुत्रगण हृदयनारायण, जबकि द्वितीय पक्ष से अशोक सिंह पटेल व बबलू सिंह पुत्रगण पन्नालाल एवं ओमप्रकाश उर्फ बच्चा पुत्र राधेश्याम को सोमवार को गिरफ्तार कर सभी का चालान किया गया।