अस्पताल में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते एनएचएम सविंदा कर्मचारी। स्रोत स्वयं
सोनभद्र। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जिले के एनएचएम के संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में कर्मचारियों ने लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन का ध्यान आकर्षित कराया। कर्मचारियों ने संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का एनएचएम में समायोजन करने की मांग की। इसके साथ ही सभी संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ समेत सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने और स्थायी भर्ती में उन्हें उचित छूट और प्राथमिकता देने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण सेवाओं में लगातार जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा-सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को चरणबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। कर्मचारियों ने शासन से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।