चुर्क। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सहिजन गांव में शुक्रवार रात खेत में नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम उसे मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां गहन देखभाल के लिए एनआईसीयू में भर्ती कराया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला को-ऑर्डिनेटर मुकेश सिंह के अनुसार, बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसका जन्म निर्धारित समय पर हुआ है। उसके माता-पिता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 12 बजे उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो खेत में नवजात पड़ा था। ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी बच्चे को पास के उप स्वास्थ्य केंद्र ले गई। इस बीच चाइल्ड हेल्पलाइन के वरिष्ठ लिपिक राजेश सिंह और सुपरवाइजर अनिल यादव भी पहुंच गए। इसके बाद बच्चे को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बच्चा करीब दो से तीन घंटे पहले जन्मा था, इसलिए उसे गहन देखभाल के लिए एनआईसीयू में भर्ती कराया गया। बच्चे को खेत में छोड़ने की परिस्थितियों और उसके परिजनों के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल सकी है। चाइल्ड हेल्पलाइन की निगरानी में बच्चे की देखभाल की जा रही है। जिला को-ऑर्डिनेटर ने बताया कि यदि जल्द कोई दावेदार सामने नहीं आता है तो नियमानुसार बच्चे को शिशु गृह में दाखिल कराया जाएगा।