रौप पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर स्थित पिकनिक स्पार्ट पर केक काटकर नव वर्ष मनाते युवक, युवतिया।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र/चोपन। नए वर्ष के स्वागत में रविवार को हर कोई जश्न में डूबा रहा। शनिवार की रात 12 बजे के बाद शुरू हुआ बधाई का दौर देर रात तक चलता रहा। लोग सोशल मीडिया पर एक दूसरे को बधाई देते रहे। सुबह फूल-गुलदस्ता भेंटकर एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी और डीजे की धून पर खूब थिरके। पूरे दिन पार्टी का दौर चला। पर्यटन स्थलों पर बच्चे, युवा और महिलाओं की टोलियां मस्ती में डूबी रहीं। बड़ी तादात में लोगों ने मंदिरों में दर्शन पूजन करके नए साल का आगाज किया। शनिवार की देर शाम से ही नए वर्ष के स्वागत की तैयारियों का क्रम शुरू हो गया था। होटल-रेस्टोरेंट के साथ ही घरों को आकर्षक ढंग से सजाकर लोगों ने पार्टी की। रात 12 बजे घड़ी की सुइयों के एक होते ही पटाखे फोड़कर लोगों ने नए वर्ष का स्वागत किया। राबर्ट्सगंज के गुरुद्वारा मोहाल में युवाओं की टोली ने दरवाजे पर रात में पेटिंग व रंगोली बनाई। डीजे की धुन पर टोली देर रात तक झूमती रहीं। नगर के शीतला मंदिर, संकट मोचन मंदिर, घोरावल के शिवद्वार, रेणुकूट के राधा कृष्ण मंदिर, शक्तिनगर के ज्वाला देवी मंदिर में लोगों ने मत्था टेककर नए वर्ष का स्वागत किया। चोपन : नव वर्ष के प्रथम दिन रविवार को वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नए साल के जश्न में रविवार को आकर्षक सजा मनोहारी छंटा बिखेर रहे सुप्रसिद्ध वैष्णो मंदिर में धार्मिक विचारधारा वाले लोग साल के पहले दिन पूजा पाठ कर सुख शांति और समृद्धि की कामना करते रहे। रेणुसागर : ऊर्जांचल के प्रमुख पिकनिक स्थल बेलवादह पर हादसों के चलते रास्ता बंद किए जाने के बाद इस बार नववर्ष पर यूपी-एमपी बार्डर पर झिंगुरदह के टिप्पा झरिया में पर्यटकों की भीड़ रही। आसपास के लोगों ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचकर यहां नदी किनारे पिकनिक मनाया। फिल्मी गीतां पर खूब थिरके। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित गांधी पार्क में भी लोगों की भीड़ दिखी। लोग अपने परिवार के साथ यहां झूला का आनंद लेते रहे। अपने परिवार व दोस्तों के साथ सेल्फ़ी भी ले रहे थे।
नव वर्ष पर झिंगुरदह स्थित झरना किनारे पिकनिक मनाते लोग- फोटो : SONBHADRA
डाला वैष्णो मंदिर शक्तिपीठ धाम में नव वर्ष पर दर्शन पुजन करने वालो की लगी भीड़।- फोटो : SONBHADRA
अनपरा तापीय परिसर स्थित गांधी पार्क में नव वर्ष पर सेल्फी लेती बालिकाएं- फोटो : SONBHADRA