मई शुरू होते ही बिजली की मांग ने सभी रिकार्ड पीछे छोड़ नए रिकार्ड बनाना शुरू कर दिया है। रविवार से नए रिकार्ड दर्ज कर बिजली की मांग ने बुधवार को सभी आंकड़ों को पार कर दिया।
बुधवार को बिजली की अधिकतम मांग 24320 मेगावाट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम मांग में कोई खास बढ़त दर्ज नहीं की गई। अनपरा तापीय परियोजना की सभी इकाइयों के उत्पादनरत होने और बुधवार को बढ़ी मांग के बीच परियोजना की इकाइयों से 2319 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया गया। हरदुआगंज की सभी इकाइयों से 807 मेगावाट, ओबरा सी से 464 मेगावाट और पारीछा की इकाइयों से 485 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया गया। वहीं सूबे में स्थापित राज्य विद्युत निगम की परियोजनाओं ने 3758 मेगावाट मांग के सापेक्ष 3932 और निजी क्षेत्र की सभी परियोजनाओं से 4931 मेगावाट मांग के सापेक्ष 5402 मेगावाट का उत्पादन कर बिजली की मांग को पूरा करने का प्रयास किया गया। तेजी से बढ़ती बिजली की मांग के मई माह में ही पीक पर पहुंचने की आशंका परियोजना अधिकारी भी लगा रहे हैं।