एचडीएफसी बैंक के सामने वाली गली में पानी रिसाव होने वाले स्थान को दिखाता युवक। संवाद
सोनभद्र। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के मकसद से करीब 96.1 करोड़ रुपये की लागत से संचालित रॉबर्ट्सगंज पुनर्गठन पेयजल योजना में लीकेज (रिसाव) हो गया है। योजना शुरू होने के करीब 10 वर्ष बाद भी शहर के सभी घरों तक जलापूर्ति नहीं पहुंच सकी है। वहीं जिन क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाकर पानी की आपूर्ति शुरू की गई है, वहां पाइप लाइन फटने से लीकेज की समस्या सामने आ रही है। नतीजतन लोगों के घरों तक पहुंचने वाला पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।रॉबर्ट्सगंज नगर के सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने वाली गली में पिछले करीब तीन माह से पाइप लाइन में कई स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जाकिर के घर के पास में करीब 300 मीटर के दायरे में चार से पांच जगह पाइप लाइन से लगातार पानी निकल रहा है। इससे सड़क और सर्विस लेन पर दिनभर पानी जमा रहता है। रहवासियों का कहना है कि एक ओर विकास नगर के दूसरे मोहल्ले में लोग रॉबर्ट्सगंज पुनर्गठन पेयजल योजना से नियमित जलापूर्ति का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया। लगातार पानी बहने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल निगम से तत्काल पाइप लाइन की मरम्मत कराकर पेयजल की बर्बादी रोकने की मांग की है। बता दें कि पुनर्गठन पेयजल योजना वर्ष 2015 से संचालित हैं। अभी योजना के तहत कुछ इलाकों में पाइप लाइन बिछाने और कनेक्शन करने का काम चल रहा है। कई इलाकों में अभी तक पानी नहीं पहुंच रहा है। जहां पानी पहुंच रहा है, वहां आ रही लीकेज की समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे रहवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण के लिए चल रहे कार्य के दौरान सोमवार को पुनर्गठन पेयजल योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कई घरों की पानी आपूर्ति प्रभावित हो गई है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो रेलवे क्रॉसिंग के पास आरओबी के निर्माण कार्य के लिए चल रहे ड्रिलिंग के दौरान डिस्ट्रिब्यूशन पाइप लाइन को क्षति पहुंची है। इससे जोन-1 के कई घरों में पानी आपूर्ति प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि यह समस्या आरओबी निर्माण होने तक बनी रह सकती है।
एचडीएफसी बैंक के सामने वाली गली में पानी रिसाव होने वाले स्थान को दिखाता युवक। संवाद