चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में शनिवार की रात झूले में गर्दन फंसने से बालिका की मौत हो गई। साड़ी के बने झूले में झूलते समय उसका गर्दन फंस गया। परिजन उसकी चीख भी नहीं सुन सके। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। सलखन निवासी रामसनेही उर्फ बुल्लू की पुत्री किरन (11) शनिवार की रात घर की पहली मंजिल में बने एक कमरे में साड़ी का झूला डालकर झूल रही थी। परिवार के लोग नीचे अपने कामों में लगे थे। काफी देर तक जब किरन नीचे नहीं आई तो छोटा भाई उसे बुलाने पहुंचा। झूले पर बैठी बहन को उसने आवाज लगाई। कोई उत्तर न मिलने पर पास गया तो देखा कि किरन की जीभ बाहर निकली हुई थी। उसने शोर मचाकर परिवार के लोगों को बुलाया। आनन-फानन में लोगों ने किरन को झूले से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि दो महीने पहले भी ठीक ऐसी ही घटना बभनी थाना क्षेत्र में हुई थी। साड़ी से बने झूले में झूलते समय गर्दन फंसने से बालक की मौत हो गई थी।