सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के भरहरी में रविवार को भूत-प्रेत की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। गर्दन पर वार से अवधलाल (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सोमवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। भरहरी टोला चकदहिया निवासी रामजी साकेत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई अवधलाल घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी नंदलाल बैसवार वहां पहुंचा और भूत-प्रेत की बात करते हुए कथित तौर पर हत्या की नीयत से अवधलाल की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें सीएचसी चोपन ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। जुगैल थाना प्रभारी एसपी वर्मा के अनुसार मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उसके भरहरी मुख्य मार्ग पर मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घर से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।