रिहंद जलाशय में बह कर आई गायों और बछड़ों को बचाने के लिए एनडीआरएफ की टीम जलाशय में उतर गई। शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 13 जिंदा गायों को पानी से बाहर निकाल लिया गया। करीब 20 को मृत अवस्था में निकाला गया।
रिहंद जलाशय के तटवर्ती गांव भैरवांं के पास गायों का समूह पानी के साथ पहुंचा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने एनडीआरएफ को सूचित किया। इसके बाद बचाव कार्य शुरू हुआ। एसडीएम सुरेश राय की मौजूदगी में रेस्क्यू टीम सोमवार शाम तक जुटी रही।
टीम ने 13 जिंदा गायों को जलाशय से बाहर निकाल लिया। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन अंधेरा के चलते रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह फिर से अभियान चलाया जाएगा।