सोनभद्र। भाई-बहन के बीच स्नेह एवं प्यार का पर्व रक्षाबंधन आज मनाया जाएगा। भाई की कलाई पर स्नेह की डोर बांधने के लिए बहनें रविवार को तैयारी में जुटी रहीं। बाजार में सजीं राखी एवं मिठाई की दुकानों पर बहनें खरीदारी करते हुए देखी गईं। सोमवार को दोपहर 1.25 बजे के बाद रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। वहीं परिवहन निगम की तरफ से रविवार की रात 12 बजे से रोडवेज की बसों में बहनों के लिए निशुल्क यात्रा शुरू की गई है। बहनें रोडवेज बसों में निशुल्क सफर करके भाई तक पहुंच सकती हैं।
रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक पर रंग बिरंगी राखी की दुकान सजाएं विनोद ने बताया कि बाजार में 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की राखी बिक रही है। बहनों को नई डिजाइन की राखियां खूब मन भा रही है। वहीं मेन चौक पर राखी की दुकान किए उमेश केसरी और अमित ने बताया कि बाजार में जरी की राखी 20 रुपये से लेकर के 500 रुपये तक है। लुंबा राखी 100 से 500 रुपये, स्टोन की राखी 50 से 200 रुपये तक उपलब्ध है। एक ग्राम गोल्ड की राखी 500 से 5000, डायमंड की राखी 2100 से 6000, नजर बट्टू राखी 50 से 300 रुपये प्रति पीस बाजार में उपलब्ध है। बहनें अपने भाई के मनपसंद के लिए राखी खरीद रहीं है। रविवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित दुकानों पर सुबह से देर शाम तक बाजार में खरीदारी करते हुए बहनों की भीड़ देखी गई। वहीं उत्तर मोहाल स्थित श्रीराम जी मिष्ठान भंडार के सानू मोदनवाल ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिठाई खरीदने के लिए लोग आ रहे हैं। बूंदी व बेसन का लड्डू 180 रुपये, काजू बर्फी 900, छेना 300-320, गुलाब जामुन 300, मिल्क केक 260, पेड़ा 280 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटी रही।
रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा कर सकती हैं बहनें
परिवहन निगम की तरफ से रक्षाबंधन पर्व पर बहनों (महिलाओं) के लिए रोडवेज बसों में 24 घंटे तक निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। 18 अगस्त की रात 12 बजे से 19 अगस्त की रात 12 बजे तक बहनें रोडवेज बसों में फ्री यात्रा कर सकती हैं। दोपहर 1.25 बजे के बाद रक्षाबंधन का मुहुर्त है। सोनभद्र डिपो के एआरएम विश्राम कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा।