डाला स्थित अचलेश्वर महादेव मंदिर के 55वें स्थापना दिवस पर बुधवार को नवाह्न पारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। नवाह्न पारायण यज्ञ की शुरूआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। इससे पहले पूरे नगर में कलश शोभायात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष व बच्चों ने भाग लिया। मंदिर के महंत मुरली तिवारी महाराज ने अनुष्ठान का शुभारंभ कराया। उन्होंने बताया कि सर्वजन कल्याण की भावना और स्थानीय लोगों की सुख समृद्धि के लिए प्रतिवर्ष यज्ञ का आयोजन स्थापना दिवस पर किया जाता है।
इसमें समाज के लोगों का ज्यादा से ज्यादा सहयोग प्राप्त हो और वे पुण्य लाभ के भागी बने, इसी कामना के साथ आयोजन हो रहा है। संचालन पंडित राजेश मिश्र ने किया। इस मौके पर ओमप्रकाश तिवारी, सजावल पाठक, मनोज शुक्ला, संतोष कुमार, बबलू, आशीष जायसवाल, विकास जैन आदि रहे।