सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र की इमरती कॉलोनी के पास एआरटीओ बनकर ट्रकों से अवैध वसूली करता एक जालसाज पकड़ा गया है। आरोपी नायब तहसीलदार का चालक है। सरकारी वाहन लेकर वह गिट्टी-बालू लदे वाहनों से वसूली कर रहा था। ऑडियो और वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आरोपी को बचाने और थाने से भगाने के प्रयास में उसके भाई को भी गिरफ्तार किया गया है। ट्रक मालिकों के अनुसार शनिवार की रात करीब 12 बजे इमरती कॉलोनी के पास उत्तर प्रदेश सरकार और मजिस्ट्रेट लिखी बोलेरो में सवार एक शख्स वाहनों को रोक रहा था। खुद को एआरटीओ बताते हुए कागजात की और एंट्री के नाम पर पैसा मांग रहा था। शक होने पर एक चालक ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष केशरी को मामले की जानकारी दी। संतोष केशरी के मुताबिक उनके भी अंडरलोड ट्रक को रोककर एंट्री के नाम पर पैसा मांगा जा रहा था। जब उन्होंने पैसे देने से इंकार किया तो ट्रक को खड़ाकर उन्हें मौके पर बुलाया। जब व्यापारी नेता अपने साथियाें को लेकर मौके पर पहुंचे तो वसूली करने वाला शख्स नायब तहसीलदार का चालक निकला। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए उसका वीडियो बना लिया और अफसरों को भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मोनू उर्फ अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वाहन समेत आरोपी को थाने ले गई। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के भाई मेहुड़ी खुर्द निवासी सोनू उर्फ मनीष सिंह को भी गिरफ्तार किया है। उस पर आरोपी को बचाने और थाने से भगाने के प्रयास का आरोप है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष केशरी की तहरीर पर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, नायब तहसीलदार विशाल कुमार का कहना था कि पूरे मामले की जानकारी के बाद ही इस बारे में कुछ कह पाएंगे। घटना के वक्त वह गाड़ी में नहीं थे।