सोनभद्र। प्रदेश सरकार अपराधियों की चल और अचल संपति को जब्त कर उनकी कमर तोड़ने में जुटी है। इसी बीच माफिया मुख्तार का सोनभद्र से कनेक्शन जुड़ने से पुलिस-प्रशासन महकमे में खलबली मच गई है। डीएम के निर्देश पर सदर तहसील प्रशासन मामले की जांच जुटी है। आरोप है कि मुख्तार गिरोह से जुड़े लोगों की करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति जिले में है। सूत्रों की मानें तो झुल्लर नामक व्यक्ति ने डीएम को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया है कि मुख्तार अंसारी ने अपने रसूख के बल पर नियमों को ताख पर रख कर कोल और चेरो जनजाति से जुड़े लोगों की करोड़ों रुपये की जमीन अपने लोगों के नाम करा ली है। इस भूमि पर स्कूल का संचालन किया जा रहा है। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने एसडीएम को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस आदेश के क्रम में एसडीएम ने शिकायती पत्र से जुड़े पत्रावलियों को खंगालना शुरू कर दिया है। शनिवार को भी सदर तहसील में कुछ कर्मचारी कागजातों को एकत्र करने में जुटे रहे। इस संबंध में एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मुख्तार अंसारी के खिलाफ मिली शिकायत पत्र की जांच की जा रही है। शिकायती पत्र में अंकित सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की जाएगी।