दुद्धी सीएचसी में मृतक परिजनों से पूछताछ करती कोतवाली पुलिस-संवाद
दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के कनहर नदी के पास जाबर गांव की पुरानी बैरियर के समीप रविवार दोपहर ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है। घायल दीपक कुमार अगरिया ने बताया कि वह अपनी बाइक से गांव में घूम रहा था। इसी दौरान उसे गांव का ही धर्मेंद्र कुमार मिल गया। दोनों गुटखा लेने के लिए दुकान पर गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में उन्हें मंजली और अंजली नाम की दो बहनें मिलीं। दोनों ने दुद्धी में इलाज कराने जाने की बात कहते हुए बाइक से लिफ्ट मांगी। इसके बदले पेट्रोल का खर्च देने की बात कही। इसके बाद दोनों युवकों ने महिलाओं को बाइक पर बैठा लिया और दुद्धी की ओर चल दिए। उस समय बाइक धर्मेंद्र चला रहा था। बताया जा रहा है कि कनहर नदी के पास जाबर गांव के पुरानी बैरियर के समीप ओवरटेक करते समय बाइक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक चला रहे धर्मेंद्र कुमार (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दीपक कुमार, अंजली और मंजली गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. मनोहर ने जांच के बाद धर्मेंद्र कुमार पुत्र विजय, निवासी बरखोहरा, थाना विंढमगंज को मृत घोषित कर दिया। घायल दीपक कुमार पुत्र नागेश्वर प्रसाद अगरिया, अंजली पत्नी अशोक और मंजली कुमारी का उपचार चल रहा है। सूचना पर कोतवाली के उपनिरीक्षक श्यामजी यादव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। केंद्र अधीक्षक ने युवक की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि तीनों घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मेमो के माध्यम से कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
दुद्धी सीएचसी में मृतक परिजनों से पूछताछ करती कोतवाली पुलिस-संवाद