सोनभद्र। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत गरीब बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में कराने के लिए जिले में दूसरे चरण प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इस चरण के लिए लॉटरी 19 को होगी।
आरटीई के तहत गरीब परिवार के बच्चों के लिए निजी स्कूलों में 25 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए तीन चरणों में आवेदन होना है। पहले चरण के तहत छह फरवरी से 12 मार्च तक चली प्रक्रिया में 1176 बच्चों ने आवेदन किया था। जिनमें से पहले चरण में 455 बच्चों का दाखिला कराया गया था। वहीं 14 मार्च से छह अप्रैल तक दूसरे चरण के तहत आवेदन लिया गया। विभागीय आकड़ों के मुताबिक दूसरे चरण में करीब साढ़े छह सौ बच्चों ने आवेदन किया है। इनके सत्यापन की प्रकिया शुरू हो गई है। विभिन्न विकास खंडों में बीईओं की ओर से आवेदनों का सत्यापन चल रहा है। जिसमें जो 17 अप्रैल तक चलेगा। वहीं 19 अप्रैल को योजना की दूसरी लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें चयनित बच्चों को निशुल्क शिक्षा के लिए 28 अप्रैल तक प्रवेश लेना होगा। इसके बाद तीसरे चरण के लिए आवेदन 20 अप्रैल से 12 मई तक होंगे। 12 मई से 23 मई तक उनका सत्यापन होगा। इसके बाद अंतमि चरण की लॉटरी निकाली जाएगी। बीईओ चतरा अरविंद कुमार ने बताया कि योजना का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।