सोनभद्र। दुद्धी क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ग्राम जामपानी में 25.28 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाया जाएगा। 25 नवंबर से इसका निर्माण शुरू होगा। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई एक ही परिसर में होगी। यहां स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, विज्ञान और रोबोटिक्स लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। डीएम चर्चित गौड़ ने बताया कि विद्यालय निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। 25 नवंबर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा भी मिल सके। विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, विज्ञान एवं रोबोटिक्स लैब और आधुनिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी। विद्यार्थी डिजिटल तकनीक से पढ़ाई करने के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा भी हासिल कर सकेंगे। छोटे बच्चों के लिए बाल वाटिका बनाई जाएगी। पोषण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए न्यूट्रिशन गार्डन भी विकसित होगा। पूरे परिसर में वाई-फाई सुविधा के साथ ऑनलाइन सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी। शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अलग स्टाफ रूम भी बनाया जाएगा। एक ही परिसर में प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई होने से विद्यार्थियों को कक्षाएं बदलने के साथ विद्यालय बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभिभावकों को भी अलग-अलग कक्षाओं के लिए दूसरे विद्यालयों की तलाश नहीं करनी होगी। खासकर दुद्धी के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। आधुनिक प्रयोगशालाओं और डिजिटल सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे।