किरबिल में निर्माणाधीन उप केंद्र के पूरा कराने की मांग को लेकर ऊर्जा मंत्री से मिलते मंत्री संजी?
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर क्षेत्र के किरबिल गांव में निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र के अधूरे काम को पूरा कराने के लिए दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड ने बुधवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मुलाकात की। लिखित पत्र सौंपते हुए इसे जल्द पूरा कराने की मांग की।
म्योरपुर के किरबिल में विद्युत विभाग के ट्रांसमिशन इकाई की ओर से 20/132/33 केवी के उपकेंद्र का निर्माण फरवरी में ही पूरा हो जाना था लेकिन कंपनी ने काम अधूरा ही छोड़ दिया। जिम्मेदारों के मुताबिक नई टेंडर प्रक्रिया अपनाकर काम को पूरा करने की कवायद चल रही है। उपकेंद्र तक विद्युत पहुंचाने के लिए रनटोला से 132 केवी क्षमता की विद्युत आपूर्ति के लिए टावरों की स्थापना का काम दिल्ली की कंपनी द्वारा किया जा रहा है। 220 केवी क्षमता की आपूर्ति के लिए ओबरा तापीय परियोजना से विद्युत आपूर्ति की जानी है। ऐसे में 42 किलोमीटर का वन क्षेत्र होने की वजह से अभी सर्वे का काम चल रहा है। एक सौ साठ करोड़ के लागत की इस परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य ट्रांसमिशन द्वारा किया जाना है। इसके बाद वितरण का काम वितरण विभाग करेगा। इस केंद्र के बन जाने से दक्षिणांचल में बिजली समस्या का समाधान हो जाएगा। विधायक के पत्र को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा मंत्री ने इसके जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में विधायक रामदुलार गोंड ने कहा कि उनके क्षेत्र में अधूरी पड़ी परियोजनाओं को जल्द पूरा कराकर जनहित का काम किया जाएगा।