लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री से मिलते दुद्धी विधाय
- फोटो : SONBHADRA
दुद्धी विधायक रामदुलार सिंह गोंड ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार, ओवरलोडिंग और बेरोजगारों के रोजगार को लेकर सीएम को पत्रक सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री से समस्याओं के समाधान की मांग की। सीएम ने समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
लखनऊ में दुद्धी विधायक रामदुलार सिंह गोंड ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जनपद में चेतक कंपनी, परिवहन विभाग, खनन और कथित खननकर्ताओं की मिलीभगत से बिना नंबर प्लेट के पार कराए जा रहे ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि ओवरलोडिंग से राजस्व को भारी क्षति पहुंच रही है। सड़कों की दशा लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने एनसीएल में ओबी हटाने में लगी कंपनियों में आउटसोर्सिंग से स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की। एनटीपीसी सिंगरौली के तृतीय चरण के विस्तारीकरण की जद में आ रहे करीब दो हजार लोगों को बेघर किए जाने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनके आवास की व्यवस्था करने के बाद ही उन्हें वहां से बेदखल किया जाए। जिले में तड़ित चालक यंत्र लगाए जाने पर जोर दिया ताकि लोगों को असमय मौत से बचाया जा सकें। लघु वनोपज की खरीद को लेकर भी शासनादेश जारी करने की मांग की। इसके अलावा कनहर परियोजना में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायत भी की। कहा कि वास्तविक लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका है, अधिकारी केवल भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। परियोजना के लिए शासन स्तर से मिलने वाली बड़ी धनराशि में गोलमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सारी समस्याएं सुनने के बाद कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।