रेणुसागर। गत दिनों अज्ञात कारणों से घर से लापता हुआ युवक रविवार की देर रात्रि सकुशल अपने घर पहुंच गया। युवक के घर पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार को अनपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 20 निवासी जयचंद निवासी अचानक घर में एक पत्र छोड़कर फरार हो गया था। उसकी पत्नी जब घर पहुंची तो घर में रखे पत्र को पढ़कर सन्न रह गई। शोर शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस भी गुमशुदगी का मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। तभी रविवार को जयचंद के वाराणसी में रहने वाले रिश्तेदार ने घर पर फोन कर बताया कि जयचंद उसे घाट पर अकेला घूमता मिला है। उसे लेकर अनपरा आ रहा हूं। जयचंद के सलामती की सूचना मिलते ही घर वालों ने राहत की सांस ली। देर रात वह घर पहुंचा। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पत्नी को अपने पति के साथ अगले दिन सुबह थाने पर आने को कहा। थाने पर पहुंचकर जयचंद ने पुलिस को बताया कि मानसिक तनाव के कारण ऐसा कदम उठाया था। पुलिस ने बयान दर्ज कर जयचंद को छोड़ दिया।