रॉबर्ट्सगंज में 28वीं मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चैंपियन मिर्जापुर की विजेता टीम के प्रति
सोनभद्र। माध्यमिक विद्यालयों की 28वीं मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 34 स्वर्ण जीतकर मिर्जापुर की टीम विजेता बनी। दूसरे स्थान पर रही भदोही की टीम को 24 स्वर्ण मिले, जबकि मेजबान सोनभद्र 20 स्वर्ण पदक के साथ तीसरे नंबर पर रही। राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज में चल रही प्रतियोगिता के समापन पर बुधवार को सीडीओ जागृति अवस्थी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उनके खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए हौसलाअफजाई की। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में मंडल के तीनों जिलों के विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए श्रेष्ठता सूची में स्थान बनाया। समापन समारोह में पहुंची सीडीओ जागृति अवस्थी ने खेलों को व्यक्तित्व विकास का माध्यम बताते हुए कहा कि अच्छा खिलाड़ी कभी हारता नहीं। चाहे वह खेल का मैदान हो या जिंदगी की। हर जगह वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करता है। डीआईओएस जयराम सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं ने तीन दिनों तक जिस खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, वह सराहनीय है। उन्होंने विजेताओं को आगे के लिए शुभकामनाएं दिए और अन्य खिलाड़ियों को अपनी कमियों से सबक लेने को प्रेरित किया। मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ब्रजेश सिंह ने आभार जताया। इस मौके पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य निशा सिंह, आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संतोष सिंह, रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह, जिला खेल सचिव सुनील राव, चंद्रबलि सिंह, सर्वेश सिंह, अमर सिंह, दिवाकर सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन अनिल सिंह ने किया। अंडर-17 बालक के पोल वॉल्ट में प्रथम मोनू पाल भदोही, द्वितीय दिलीप मिर्जापुर, अंडर-17 बालिका पोल वॉल्ट में प्रथम स्नेहा सिंह मिर्जापुर, द्वितीय अंकिता यादव मिर्जापुर, अंडर-19 बालक पोल वॉल्ट प्रथम विजय कुमार बिंद मिर्जापुर, द्वितीय हर्ष प्रजापति भदोही, तृतीय सुधांशु कुमार भदोही, अंडर-19 बालिका पोल वॉल्ट प्रथम अंशिका यादव मिर्जापुर, द्वितीय अपराजिता मिर्जापुर, क्रॉस कंट्री रेस बालक रवि चौहान मिर्जापुर, कुलदीप चौहान मिर्जापुर, अनुराग बिंद भदोही, मनीष सोनभद्र, महाजन बिंद भदोही, क्रॉस कंट्री रेस बालिका वर्ग में सुमन, खुशी, अंजलि, दिव्या, गरिमा ने क्रमश: पहला, दूसरा, तीसरा स्थान पाया।